टनकपुर/चम्पावत। एसएसबी 57वीं वाहिनी बूम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज का निर्माण करने के उद्देश्य से टनकपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत बूम कंपनी सहायक कमांडेंट सौरभ पाटिल तथा कर्मचारियों ने सीमांत थपलियालखेड़ा गांव और मनिहारगोठ के ग्रामीणों को मानव तस्करी और नशा मुक्ति से संबंधित जानकारियां दी।
वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है। इसके कारण अपराध, घरेलू हिंसा,सड़क दुर्घटनाएं और अनेक प्रकार सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। नशे के जाल में फंसकर युवाओं का भविष्य बर्बाद हो जाता है। इससे राष्ट्र की प्रगति भी बाधित होती है। एसएसबी सहायक कमांडेंट ने लोगाें का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। कहा कि खेल, योग, व्यायाम, शिक्षा और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर हम नशे से दूर रह सकते हैं। उन्होंने मानव तस्करी की जानकारी एसएसबी अथवा पुलिस को देने की अपील की। बनबसा के धनुष पुल में भी एसएसबी ने युवाओं को जागरूक किया। उक्त अभियान में विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े लोगों ने भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सहयोग किया।
नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत मौजूद एसएसबी व विधिक सेवा प्राधिकरण के लोग।
