टनकपुर/चंपावत। आज 1 अगस्त शनिवार से ग्राम अमोड़ी में नवनिर्मित के पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) टाइप ए से लोगों को इलाज मिलना शुरू हो गया है। फिलहाल उक्त अस्पताल में डॉक्टर, पैरा मेडिकल और अन्य स्टाफ के पदों का सृजन नहीं हुआ है,लेकिन डीएम मनीष कुमार की पहल से इस अस्पताल में दूसरी जगह से संबद्ध करचिकित्सकीय
कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अस्पताल से अमोड़ी और आसपास के 24 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ होगा। आज मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान और चंपावत के एसडीएम बीसी पंत ने उक्त अस्पताल का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया।
गौरतलब है कि टनकपुर से 46 व जिला मुख्यालय चंपावत से 29 किलोमीटर दूर अमोड़ी क्षेत्र में 2.18 करोड़ रुपये से निर्मित उक्त पीएचसी भवन का लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 29 जून को किया गया था। लेकिन पद सृजित नहीं होने और उपकरण नहीं मिलने से इसका संचालन नहीं हो पा रहा था। अलबत्ता आज 1 अगस्त से वैकल्पिक उपायों से इसे शुरू किया गया है। यहां चल्थी से संबद्ध डॉ. नरेश कुमार व सूखीढांग के फार्मासिस्ट को अस्थाई रूप से भेजा गया है। स्टाफ को 15-15 दिनों के लिए भेजा जाएगा। उक्त अस्पताल में एक चिकित्सक, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय, पर्यावरण मित्र के एक-एक पद के अलावा स्टाफ नर्स के दो पदों का सृजन होना प्रस्तावित है। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी चम्पावत देवेश चौहान का कहना है कि अमोड़ी पीएचसी में कुल 6 पद सृजित होने हैं। इसके लिए महानिदेशक को पत्र भेजा गया है। साथ ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वास्थ्य सचिव को पत्र
भेजा है। फिलहाल क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए आज 1 अगस्त से रोटेशन के आधार पर अस्पताल को चलाया जा रहा है। जरूरी उपकरणों के अलावा दवाओं की व्यवस्था सीएमएसडी से की गई है।
आज शनिवार को पहले दिन यहां कुल कुल 20 लोगों का इलाज हुआ। इसके अलावा एक बीमार को थोड़ी देर के लिए भर्ती भी किया गया। टनकपुर- पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित इस अस्पताल का लाभ रोड हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में भी मिल सकेगा। इस मौके पर भाजपा नेता सुंदर बोहरा,सूरज प्रहरी सहित ग्रामीण प्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।
अमोड़ी अस्पताल की औपचारिक शुरुआत करते सीएमओ व अन्य,उपचार करते चिकित्सक।
