टनकपुर/चम्पावत। शनिवार को स्थानीय पर्यटक आवास गृह में 49 सदस्यीय कैलाश मानसरोवर यात्री दल पहुंचा। यहां कुमाऊँनी संस्कृति एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ टीआरसी प्रबंधक मनोज कुमार व सह कर्मियों तथा माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति, छात्रावास व समिति की बालिकाओं ने टीका लगा माल्यार्पण कर पुष्प वर्षा के साथ यात्रियों का भव्य स्वागत किया। आठवे यात्री दल में 38 पुरुष एवं 11 महिला सहित कुल 49 श्रद्धालु शामिल हैं। सभी तीर्थयात्री कल रविवार प्रातः टनकपुर से अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होंगे।
टीआरसी प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि आठवें यात्री दल में देश के 13 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से कुल 49 शिवभक्त शामिल हैं। इनमें आंध्र प्रदेश से 1, बिहार से 1, दिल्ली से 8, गुजरात से 10, हरियाणा से 2, कर्नाटक से 7, मध्य प्रदेश से 2, महाराष्ट्र से 2, पांडिचेरी से 1, राजस्थान से 6, तमिलनाडु से 1, उत्तर प्रदेश से 3 तथा पश्चिम बंगाल से 3 श्रद्धालु शामिल हैं। मालूम हो कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा हेतु कुल 10 दल जाने हैं। कल रविवार को आठवें दल की रवानगी के बाद आगामी 5 व 9 अगस्त को क्रमशः नौंवे व दसवें दल के यात्रा पर जाने के साथ ही इस वर्ष की उक्त यात्रा का समापन हो जाएगा।
टनकपुर टीआरसी में यात्री दल का स्वागत करते प्रबंधक मनोज कुमार व अन्य।
पर्यावरण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी ने भी तीर्थयात्रियों का स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
