टनकपुर/चम्पावत/पाटी। नगर पंचायत पाटी के जौलाड़ी वार्ड में शनिवार दोपहर बीएसएनएल की फाइबर लाइन बिछाने के दौरान एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई जबकि उक्त हादसे में तीन अन्य नेपाली मजदूर घायल हो गए। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मयंक भट्ट ने बताया कि बीएसएनएल विभाग के पोल खड़ा करने के दौरान 11 केवी बिजली का तार छूने से फैले करंट के कारण उक्त हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे पाटी क्षेत्र में बीएसएनएल (भारत संचार निगम लिमिटेड ) द्वारा फाइबर लाइन के लिए पोल खड़ा किया जा रहा था। इस दौरान पोल टेढ़ा हो गया और बिजली के हाईटेंशन लाइन के खंभे से छू गया। जिससे एक नेपाली मजदूर सुशील साही (19) पुत्र गोरख निवासी जागरी जमला करनाली नेपाल करंट की चपेट में आ गए। और उनकी पाटी के अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही मौत हो गई।
हादसे में एक युवा मजदूर की दर्दनाक मौत ने उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर आए इन मजदूरों के साथ हुआ यह हादसा कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
उक्त हादसे में गम्भीर रूप से घायल धनजीत बुद्ध(40), पुत्र जद्दा बुद्ध,निवासी नेपाल,की गंभीर स्थिति देख उसे प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर किया गया। वहीं उपेंद्र बहादुर शाही (30), पुत्र दिल बहादुर शाही, तथा कमल शाही (36), पुत्र खड़क शाही, निवासी नेपाल,को हल्की चोटें आईं। दोनों का प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इधर पाटी के थानाध्यक्ष रमेश बेलवाल ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरने के बाड शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट मोर्चरी में भेजा गया है। गौरतलब है कि पाटी क्षेत्र में बीते 1 माह में करंट लगने से मजदूर की मौत का यह दूसरा वाकया है।
दुर्घटना स्थल पर कार्य करते मजदूर व मृतक सुशील साही (फाइल फोटो )।
