टनकपुर/चम्पावत। शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में गजराज का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हाथी द्वारा जहां पेड़ पौधों के साथ ही धान की खड़ी फसलों को बर्बाद किया जा रहा है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुकानों में भी तोड़फोड़ कर सामान बर्बाद किया जा रहा है।
इस बीच पूर्णागिरि मार्ग से लगे गांवों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। उचौलीगोठ और नायकगोठ में पिछले कई दिनों से अकेला हाथी धान की फसल को तबाह करने के साथ फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहा है। गत गुरुवार देर रात ग्राम नायकगोठ में अकेले घुसे हाथी द्वारा अरविंद पुजारी की दुकान का शटर तोड़कर आटे का कट्टा सूंढ पर उठा निकाल कर चट कर गया। हाथी ने पास में ही मौजूद एक अन्य दुकान को भी नुकसान पहुंचाया। दुकान तोड़ते हुए हाथी की तस्वीर बकायदा बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके अलावा हाथी ने पास में खड़ी कार का कवर नीचे फेंक दिया जिससे वाहन को हल्का नुकसान होने की भी सूचना है।
वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा गांव की फैंसिंग लाइन शीघ्र दुरुस्त कर मुआवजे की मांगः
टनकपुर। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से वन विभाग की चौकी केवल 200 मीटर की दूरी पर है जबकि फेंसिंग लाइन भी लगाई गई है। इसके बाद भी हाथी गांव में घुसकर उत्पात मचा रहा है। ग्राम प्रधान कंचन देवी ने बताया कि अभी धान की फसल छोटी है, लेकिन हाथी उसे रौंदकर बर्बाद कर दे रहा है। उन्होंने बताया कि जगह-जगह सोलर फेंसिंग खराब पड़ी हुई है,जिससे हाथी आसानी से गांव में घुसकर खेती को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र फेंसिंग लाइन दुरुस्त करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
हाथी द्वारा गांव में घुस तोड़ा गया दुकान का शटर।
