टनकपुर/चम्पावत। आंखिर टनकपुर भाजपा मण्डल के पदाधिकारियों का ध्यान टनकपुर रोडवेज डिपो में बसों की ओर पहुंच गया। बुधवार को भाजपा ने टनकपुर रोडवेज हेतु नई बसों की मांग की है साथ ही गढ़वाल मण्डल के दो मार्गों पर बस सेवा संचालित करने की मांग भी उठाई है। उक्त मांग को लेकर आज रोडवेज के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश पांडेय के माध्यम से स्थानीय विधायक व प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।
ज्ञापन में भाजपा की टनकपुर मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर ने कहा है कि गढ़वाल मंडल के पौड़ी और श्रीनगर के लिए टनकपुर से रोडवेज की एक भी सीधी बस सेवा नहीं है। जबकि इन क्षेत्रों में जाने वाले विद्यार्थियों और अन्य लोगों के अलावा नेपाली यात्रियों की खासी संख्या रहती है। जिन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंवर का कहना है कि रोडवेज के टनकपुर डिपो के पास बसों की पर्याप्त संख्या नहीं है। डिपो को पहाड़ और मैदान के रुटों पर 40 से अधिक नई बसों की जरूरत है।
ज्ञापन में कहा गया है कि टनकपुर में न केवल रोडवेज का मंडलीय कार्यालय है,बल्कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। नेपाल से लगा होने से यहां पर्वतीय और नेपाली क्षेत्र के यात्रियों की तादात भी बहुतायत में है। लिहाज नई बसों के साथ गढ़वाल तक दो नई बस सेवा की भी नितान्त आवश्यकता है।
टनकपुर रोडवेज के सहायक मण्डलीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपते भाजपाई।
