टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक बड़े मामले का खुलासा किया गयाहै। टनकपुर पुलिस व एसओजी के संयुक्त तत्वावधान में टनकपुर क्षेत्र से पीलीभीत के दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। उधर एसपी(पुलिस अधीक्षक) रेखा यादव ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार 28 जुलाई अपरान्ह को एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में तलाशी के दौरान टनकपुर सैलानीगोठ की कालाझाला गौशाला तिराहे के पास से प्लेटिना बाइक सं.(यूपी .26/एवाई 5188) में सवार 2 युवकों के कब्जे से 306 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई। दोनों आरोपितों (गुरदीप सिंह (25) और सुनील सिंह (22) निवासी बाजार घाट, थाना हजारा जिला पीलीभीत,(उत्तर प्रदेश), के खिलाफ टनकपुर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितो ने बताया कि उन्होंने यह स्मैक पीलीभीत निवासी मनु सिंह से खरीदी थी और इसे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक नेपाली तस्कर को बेचने के लिए ले जा रहे थे। उक्त सूचना के साथ पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एसपी ने बताया कि इस साल जनवरी से अब तक चम्पावत जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 40 मुकदमे दर्ज होने के साथ ही 54 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
........
एक माह का अग्निवीर प्रशिक्षण ले चुका है आरोपी सुनीलः
टनकपुर। मामले में पकड़े गए दो युवकों में से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील सिंह ने करीब एक माह तक अग्निवीर का प्रशिक्षण लिया था,लेकिन तब वह बीमारी का बहाना बनाकर प्रशिक्षण छोड़कर घर लौट आया था। इसके बाद वह कथित रूप से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ गया।
पकड़े गए आरोपियों के साथ एसपी व अन्य पुलिस कर्मी।
