टनकपुर/चंपावत। सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र स्थित अनेक क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। इसके चलते श्रद्धालुओं और कारोबारियों को खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्णागिरि क्षेत्र के लोगों ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है।
मां पूर्णागिरि धाम के पुजारी और सामाजिक कार्यकर्ता पंडित राजू तिवारी ने बताया कि धाम क्षेत्र स्थित सिद्धमोड़ से मुख्य मंदिर तक बीते करीब 8 दिनों से पेयजल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। इससे दुकानदारों और श्रद्धालुओं को खासी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर क्षेत्र में बढ़ रही दुश्वारियों का संज्ञान ले जल संस्थान ने क्षेत्रवासियों को जल्द आपूर्ति सुचारू करने का भरोसा दिलाया है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी द्वारा भी प्रशासन को ज्ञापन भेज जलकुनिया पेयजल योजना बंद होने से पेयजल आपूर्ति में व्यवधान होने की बात कही गई थी। उन्होंने क्षतिग्रस्त योजना को जल्द दुरुस्त करवाने का आग्रह किया था। लेकिन अभी तक योजना की मरम्मत नहीं हो सकी है। वहीं जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि बरसात के चलते योजना क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि पेयजल आपूर्ति शीघ्र दुरुस्त ठीक करने के प्रयास जारी हैं।
जिलाधिकारी चम्पावत को भेजा गया ज्ञापन।
