टनकपुर/चंपावत। जनपद चम्पावत के ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन गुलदार की दस्तक से क्षेत्र के लोगों में खासी दहशत है। ताजे घटनाक्रम में टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर स्थित बृजनगर सूखीढांग के ग्राम आमखर्क में गुलदार के आतंक से ग्रामीण भयभीत हैं।
उक्त ग्रामीण क्षेत्र आमखर्क में शनिवार प्रातःतड़के गुलदार ने केशव दत्त चौड़ाकोटी के घर के दरवाजे पर बैठे कुत्ते पर हमला कर घायल कर दिया। घरवालों के शोरगुल करने पर गुलदार घायल कुत्ते को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीण संजय चौड़ाकोटी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह-शाम गुलदार उनके आंगन तक आ जाता है, जिससे भय का माहौल है। गांव के अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर भी खासे चिन्तित है। ग्रामीण पशुओं को चुगाने के लिए जंगल ले जाने में भी डर रहे हैं।
इधर शनिवार सुबह गुलदार के गांव में आने की सूचना के बाद बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने तत्काल बस्तिया सेक्सन के वन दारोगा महेश सिंह अधिकारी को टीम के साथ गांव में भेजा। वनबीट अधिकारी को आधा दर्जन कैमरा ट्रैप लगाकर टीम के साथ रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए। सामाजिक कार्यकर्ता शंकर जोशी, कमल किशोर, हयात सिंह राना, नाथ सिंह, आशीष राना, चन्द्रा देवी, ललित मोहन, किशन सिंह बोहरा आदि ने वन विभाग से शीघ्र पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
