टनकपुर/चम्पावत। उत्तर भारत के सुप्रसिध्द मां पूर्णागिरि धाम जाने वाले पैदल यात्रियों को इस साल शारदीय नवरात्र तक बड़ी सौगात मिलेगी। ककरालीगेट से 20 किलोमीटर दूर पूर्णागिरि मुख्य मंदिर तक एलईडी स्ट्रीट लाइट का काम भले ही हरेले के दिन 16 जुलाई को शुरू हो गया था, लेकिन इसका विधिवत शुभारंभ आज 24 जुलाई को पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
मालूम हो कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 9 मार्च 2023 को ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की थी। और अब यह काम शुरू हो चुका है। 8.10 करोड़ रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने का यह काम इस साल 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ककरालीगेट से मां पूर्णागिरी मंदिर तक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर के पैदल रास्ते में अंडरग्राउंड केबिल के साथ ही सजावटी स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। 22 किलोमीटर के क्षेत्र में 1200 से अधिक बिजली के पोल लगाए जाएंगे।
स्ट्रीट लाइट लगने से ग्रामीण क्षेत्रों और स्थानीय लोगों के अलावा सबसे ज्यादा सहुलियत पूर्णागिरी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को होगी। गौरतलब है कि वर्तमान में मेला क्षेत्र में सरकारी मेलावधि को छोड़ शेष वक्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है।
मौजूद थे ये जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी:
पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी,
दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, ज्येष्ठ ब्लॉक उप प्रमुख भुवन चंद्र पांडेय, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, भाजपा जिला महामंत्री पूरन सिंह मेहरा, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता डीके जोशी, अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया, उपखंड अभियंता महेंद्र सिंह बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेंद्र प्रसाद आदि।
उदघाटन के दौरान पूजा अर्चना करते भाजपा नेता ,कार्यक्रम में मौजूद लोग।
