टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर प्रोटेस्ट के नेतृत्व में आज 23 जुलाई को क्षेत्र के युवाओं और छात्रों ने शहर में जुलूस निकाल जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि नीट पेपर लीक सहित सरकार की शिक्षा व्यवस्था की तमाम खामियां छात्र-छात्राओं के भविष्य पर हमला कर रही है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की है। इसे लेकर केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। प्रदर्शन को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर में 20 जुलाई को शांतिपूर्ण तरीके से संसद मार्च कर रहे छात्रों और युवाओं के साथ दिल्ली पुलिस की ज्यादती कोअमानवीयता बताया। इस दौरान नेहरू पार्क पहुंच नीट पेपर लीक के बाद से जान देने वाले 22 छात्र-छात्राओं के चित्र के सम्मुख मोमबत्ती जलाकर श्रद्धाजंलि दी गई। जहां छात्र-छात्राओं के जुलूस के साथ पहुंचे पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल द्वारा अपने सम्बोधन में केन्द्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने पूरे कांग्रेस परिवार के साथ छात्रों के आन्दोलन को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा भी दिया।
जुलूस प्रदर्शन में उत्कर्ष चित्रांश,ध्यान सिंह,अदान सामी, सुभारदीप मान,कांग्रेस नगर अध्यक्ष श्याम कुमार,युवक कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा,गौरव जोशी,अनुज रावत,अर्जुन,साहिल गिरी,सौरभ गिरी,सतीश पांडेय, रूपेश कुमार,आशिफ खान,शाहवेज,अमित जोशी, माणिक पंत आदि शामिल थे। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला सजवान, कैलाश राम सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल थे। जुलूस के दौरान पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त था।
टनकपुर में जुलूस निकाल प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं।
