टनकपुर/चम्पावत। गुरुवार सुबह टनकपुर-सितारगंज एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर ग्राम बिचई के पास दूध लेकर टनकपुर की ओर आ रहा केन्टर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो बीच मार्ग पर पलट गया। दुर्घटना का कारण मार्ग पर अचानक लावारिस पशु का आना बताया गया है। उक्त हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे टनकपुर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक द्वारा घायल का प्राथमिक उपचार कर उसे घर भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक सुबह गजरौला (उत्तर प्रदेश) से मदर डेयरी का दूध लेकर टनकपुर की ओर आ रहा कैंटर वाहन लावारिस पशुओं को बचाने के प्रयास में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। उक्त दुर्घटना में वाहन चालक संजय पुत्र हरिज्ञान सिंह निवासी गजरौला व परिचालक मोहित पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम रामनगर,जिला संभल उत्तर प्रदेश घायल हुए हैं। गम्भीर रूप से घायल मोहित को सूचना पर पहुंची पुलिस के चीता वाहन 112 द्वारा टनकपुर अस्पताल लाया गया जहां मौजूद चिकित्सक डा.आफताब आलम द्वारा घायल का उपचार किया गया। चिकित्सक के मुताबिक घायल के सिर व हाथ पैरों में चोट आई हैं। घायल की स्थिति सुधार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस द्वारा मार्ग पर पलटे वाहन को खड़ा करवा यातायात सुचारू कर दिया गया।
