टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर रेलवे स्टेशन परिसर में पहुंची त्रिवेणी एक्सप्रेस के एसएलआर कोच में अचेत अवस्था में मिले अज्ञात युवक की मौत हो गई। अचेत अवस्था में पाए जाने पर रेलवे पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए स्थानीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों द्वारा जांच कर उसे मृत घोषित किया गया। रेलवे पुलिस ने फिलहाल शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। रेलवे पुलिस के मुताबिक 72 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं होने पर नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न थानों में सूचना भेज दी गई है।
उक्त घटना से स्टेशन क्षेत्र मैं हड़कंप मच गया। टनकपुर रेलवे स्टेशन परिसर में तैनात जीआरपी के अपर उप निरीक्षक रमेश गिरी गोस्वामी ने बताया कि मृतक की उम्र 30 से 32 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। रेलवे पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए पूरे प्रयास कर रही है, साथ ही मौत के कारणों की भी जांच की जा रही है।
