टनकपुर/चम्पावत। आज मंगलवार 21जुलाई को निर्धारित कार्यक्रमानुसार कैलाश मानसरोवर यात्रियों का पांचवां दल टनकपुर से यात्रा के अगले पड़ाव धारचूला की ओर रवाना हुआ। स्थानीय टीआरसी (पर्यटक आवास गृह) परिसर में आस्था,श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ हर-हर महादेव के उदघोष के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रियों को टीकाकरण व माल्यार्पण के साथ विदा किया गया।
टीआरसी परिसर में बच्चों द्वारा कुमाऊंनी परिधानों मे सजधजकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे शिवभक्तो को मंत्रमुग्ध कर उनकी आगे की यात्रा हेतु शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि पांचवें यात्री दल में 16 राज्यों से 31 पुरुष और 19 महिलाओं सहित कुल 50 तीर्थयात्री शामिल है। दल में 68 वर्ष आयु वर्ग के 3 पुरुष व 2 महिलाओं सहित कुल 5 यात्री,जो उत्तर प्रदेश,महाराष्ट्र,उत्तराखंड,मध्यप्रदेश और राजस्थान के शामिल हैं। दल में 2 लायजनिंग आफिसर (एलओ) मौजूद हैं जो यात्रियों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि यात्री दल में सर्वाधिक 9 तीर्थयात्री राजस्थान से हैं इसके अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखण्ड, उत्तराखण्ड से एक एक, दिल्ली से 2, गुजरात से 2, कर्नाटक से 6, केरल से 2, मध्यप्रदेश से 7, महाराष्ट्र और तमिलनाडु से 4 - 4, उत्तर प्रदेश से 6, और तेलंगाना से 2 श्रद्धालु शामिल है। इस दौरान प्रातः टीआरसी परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल खासा भक्तिमय हो उठा। गत रात्रि टनकपुर पर्यटक आवास गृह में विश्राम के बाद आज मंगलवार प्रातःउक्त दल यात्रा के अगले पड़ाव धारचूला की ओर रवाना हुआ,जिनकी सभी के द्वारा शुभ यात्रा की कामना की गई। इस मौके पर तहसीलदार के अलावा प्रबंधक व अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।
टनकपुर में पांचवे यात्री दल को हरी झण्डी दिखा रवाना करतीं तहसीलदार पिंकी आर्य।
