टनकपुर/चंपावत। चंपावत जिला पत्रकार एसोसिएशन से संबद्ध दो पत्रकार एवं प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के बीच तलवार खिंच गई है। दोनों तरफ से एक- दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। 18 जुलाई को डॉक्टर्स और आज 20 जुलाई को पत्रकार एसोसिएशन ने डीएम को ज्ञापन सौंप मामले में जांच की मांग की है।
पत्रकार एसोसिएशन ने जिला अस्पताल में 18 जुलाई को कवरेज के लिए गए एसोसिएशन से जुड़े दो पत्रकारों सूरी पंत एवं नंदू पांडेय के साथ अभद्रता का आरोप लगाया। आरोपित दोनों पत्रकारों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित मुद्दों को वे उठाते रहे हैं। जिन पर अस्पताल द्वारा पर्दा डालने का प्रयास करते हुए 18 जुलाई को दो पत्रकारों पर मिथ्या आरोप लगाए गए हैं।
डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली,महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट,
कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट,जया पुनेठा,राजीव मुरारी,पंकज पाठक, बृजेश पांडेय,सूरी पंत,नंदू पांडेय,नवीन भट्ट,कमल भंडारी शामिल थे।
गौरतलब है कि प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने दो मीडिया कर्मियों पर बेवजह दबाव बनाने और अस्पताल का माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए 18 जुलाई को जिला अस्पताल में ओपीडी का करीब 30 मिनट के लिए कार्य बहिष्कार किया था। बाद में संघ ने डीएम को ज्ञापन भेज मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया था कि दो मीडिया कर्मी कई दिनों से बेवजह मानसिक एवं सामाजिक दबाव बनाने के साथ अस्पताल की छवि को खराब कर रहे हैं।उक्त मामले में दोनों पक्षों (डॉक्टर्स एवं पत्रकारों) ने आरोपों को निराधार बताया है।
डीएम को ज्ञापन सौंपते जिला पत्रकार संगठन के लोग।
