टनकपुर/चम्पावत। आज सोमवार 20 जुलाई को निर्धारित कार्यक्रमानुसार कैलाश मानसरोवर यात्रियों का पांचवां दल टनकपुर पहुंचा। स्थानीय टीआरसी (पर्यटक आवास गृह) परिसर में आस्था,श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ हर-हर महादेव के उदघोष के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रियों का टीकाकरण व माल्यार्पण के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं और समिति के बच्चों द्वारा कुमाऊंनी परिधानों मे सजधजकर शिवभक्तो को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। कल मंगलवार सुबह उक्त यात्री दल यात्रा के अगले पड़ाव धारचूला की ओर रवाना होगा।
शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि पांचवें यात्री दल में 16 राज्यों से 31 पुरुष और 19 महिलाओं सहित कुल 50 तीर्थयात्री शामिल है। उन्होंने बताया कि यात्री दल में सर्वाधिक 9 तीर्थयात्री राजस्थान से हैं इसके अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखण्ड, उत्तराखण्ड से एक एक, दिल्ली से 2, गुजरात से 2, कर्नाटक से 6, केरल से 2, मध्यप्रदेश से 7, महाराष्ट्र और तमिलनाडु से 4 - 4, उत्तर प्रदेश से 6, और तेलंगाना से 2 श्रद्धालु शामिल है। इस दौरान टीआरसी परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल खासा भक्तिमय हो उठा। गौरतलब है कि उक्त धार्मिक कैलाश मानसरोवर यात्रा कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा सम्पादित कराई जाती है। जिसमें यात्रियों को कुमांऊनी संस्कृति व पारम्परिक व्यंजनों से रूबरू कराया जा रहा हैं। रात्रि विश्राम के बाद कल मंगलवार प्रातःउक्त दल यात्रा के अगले पड़ाव धारचूला की ओर रवाना होगा।
टनकपुर में पांचवे यात्री दल का स्वागत करते क्षेत्र के लोग।
