टनकपुर/चम्पावत। अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले टनकपुर शाखा के कर्मचारियों का क्रमिक अनशन संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह,प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार की देहरादून में शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा के साथ हुई सकारात्मक बैठक के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। गत शनिवार को आन्दोलनरत कर्मचारियों की लम्बित समस्याओं के समाधान हेतु बैठक आहूत की गई थी।
बैठक के दौरान मंत्री कैड़ा ने संघ की सभी समस्याओं को गम्भीररत से सुना साथ ही कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि उनकी जायज मांगों का शीघ्र निस्तारण कर दिया जाएगा। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि बैठक के पश्चात जो मांगे तत्काल लागू की जा सकती थीं उन्हें लागू किया जा रहा है। जटिल मांगों को लेकर मंत्री ने उन पर मंथन कर समाधान के प्रयास किए जाएंगे। मालूम हो कि वाल्मीकि समाज के गरीब परिवाराें को आवास सुविधा देने,शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ देने,इलाज के लिए बेहतर विभागीय सहायता देने सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की स्थानीय इकाई द्वारा गत 4 जुलाई से यहां आन्दोलन किया जा रहा था। संघ की चम्पावत इकाई के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह बाल्मीकि ने बताया कि संघ के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर फिलहाल कुछ समय के लिए आन्दोलन स्थगित किया जारहा है।यदि भविष्य में शासन स्तर पर मांगों को लेकर विलम्ब किया गया तो पुनःप्रदेश नेतृत्व को विश्वास में लेकर आन्दोलन किया जाएगा।
देहरादून में केबिनेट मंत्री से वार्ता करते कर्मचारी नेता।
