टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर शारदा कारिडोर के निर्माण के दौरान शारदा घाट में निवासरत लोगों के कच्चे झालों पर जेसीबी चलाने की घटना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। सीएम के निर्देश पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को टनकपुर तहसील सभागार में पीड़ित परिवारों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों एवं ठेकेदार के साथ बैठक की।
डीएम ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बीच डीएम द्वारा लगाई गई कड़ी फटकार के बाद ठेकेदार ने अपनी गलती मानी और डीएम के निर्देश पर पीड़ितों के सम्मुख हाथ जोड़कर माफी मांग इस कार्रवाई में हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन भी दिया। गौरतलब है कि गुरुवार की देर शाम ठेकेदार ने कच्चे झालों, मकान की दीवारों को जेसीबी लगाकर तोड़ दिया था। जिसके बाद बवाल पैदा हो गया था। पुलिस ने मामला जैसे-तैसे शांत किया।
मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचने के बाद उन्होंने शुक्रवार को डीएम को दोनों पक्षों की बैठक कर पीड़ितों की बात सुनने और मामले का निराकरण करने के निर्देश दिए थे। यहां पहुंचे डीएम ने तहसील सभागार में बुलाई। बैठक के दौरान शारदा घाट क्षेत्र के पीड़ित परिवार भी पहुंच उनकी व्यथा को सुना।उन्होंने ठेकेदार को सभी पीड़ितों के आशियाने सही करने के निर्देश दिए। कहा कि शारदा कारिडोर मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी जनहित एवं विकास से जुड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों, भावनाओं और हितों का भी पूरा सम्मान किया जाए। बैठक के दौरान ठेकेदार व कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से खेद जताते हुए आश्वासन दिया गया कि कार्य के दौरान हुई क्षति की भरपाई करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्य पूर्ण कर दिए जाएंगे। इस दौरान एसडीएम, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार,नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, टीम लीडर शारदा परियोजना सत्यजीत राय गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित बंसल,मयंक मित्तल आदि मौजूद थे।
