टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में निर्माणाधीनशारदा कॉरिडोर की कार्यदायी संस्था अरुण कंस्ट्रक्शन कंपनी अमरोहा के ठेकेदार द्वारा गत गुरुवार शाम शारदा घाट क्षेत्र में बुलडोजर चला कर कई कच्चे झाले व पक्के मकानों को क्षतिग्रस्त कर डाला। उक्त कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना उनके आशियानों के समीप बुलडोजर चलाकर नुकसान पहुंचाया गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
जेसीबी चलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध जताया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने कार्रवाई से पहले न तो कोई सूचना दी और नहीं प्रभावित परिवारों को विश्वास में लिया। प्रभावित परिवारों ने नुकसान की भरपाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
पीड़ित मीना सागर, राजकुमार, मीरा, राकेश, राम कुमार, गीता आदि का कहना है कि ठेकेदार ने किसी की दीवार, किसी का बरामदा और किसी का छज्जा तोड़ दिया। उनका कहना है कि वे शारदा कॉरिडोर के विरोधी नहीं हैं, लेकिन परियोजना के नाम पर गरीब परिवारों के साथ अमानवीय व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।
शारदा घाट क्षेत्र मे मकान तोड़ता बुलडोजर।
