टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि क्षेत्र के लोगों के साथ ही हर वर्ष उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुखद खबर है। देवी के दर्शनों को जाने वाले पैदल यात्रियों को इस वर्ष नवरात्र तक मार्ग में बिजली की चकाचौंध मिल सकेगी। ऊर्जा निगम टनकपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता डीके जोशी ने बताया कि टनकपुर के ककरालीगेट से 22 किलोमीटर दूर पूर्णागिरि मुख्य मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य आज हरेले के दिन 16 जुलाई को शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व 9 मार्च 2023 को ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम क्षेत्र तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व होने वाली दिक्कतों के तहत स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की गई थी। आज उक्त कार्य की शुरुआत के मौके पर चंपावत डिवीजन के ई ई (अधिशासी अभियंता) विजय कुमार सकारिया ने बताया कि उक्त योजना के तहत ककरालीगेट से मां पूर्णागिरी मंदिर तक 9.5 करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।ईई ने बताया कि योजना में भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर के पैदल रास्ते में अंडरग्राउंड केबिल के साथ ही सजावटी स्ट्रीटलाइटें भी लगाई जाएंगी।
30 अक्टूबर तक पूरा होगा कार्यःईई
टनकपुर/चम्पावत। ईई ( अधिशासी अभियंता) सकारिया ने बताया कि ककराली गेट से पूर्णागिरि तक 22 किलोमीटर के क्षेत्र में 1200 से अधिक बिजली के पोल लगाए जाएंगे।उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइट लगाने का यह काम इसी वर्ष 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शुभारंभ के मौके पर अधीक्षण अभियंता डीके जोशी, टनकपुर के उपखंड अभियंता महेंद्र सिंह बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे।
पूर्णागिरि मार्ग पर विद्युतीकरण कार्य की शुरुआत के मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारी।
