टनकपुर/चम्पावत। आज गुरुवार 16 जुलाई को निर्धारित कार्यक्रमानुसार कैलाश मानसरोवर यात्रियों का चौथा दल टनकपुर पहुंचा। स्थानीय टीआरसी (पर्यटक आवास गृह) परिसर में आस्था,श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ हर-हर महादेव के उदघोष के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रियों का टीकाकरण कर जोरदार स्वागत किया गया। कल शुक्रवार सुबह उक्त दल अपने अगले पड़ाव धारचूला की ओर रवाना होगा।
आज टीआरसी परिसर में कुल 13 राज्यों से पहुंचे 50 सदस्यीय यात्री दल में 33 पुरुष व 17 महिला शिवभक्त शामिल है। पावन तीर्थयात्रा पर जा रहे दल में बिहार से 1, छत्तीसगढ़ से 2, दिल्ली 6, गुजरात 6, हरियाणा से 5,हिमांचल प्रदेश से 1, कर्नाटक 5, मध्य प्रदेश 3, महाराष्ट्र 5, वेस्ट बंगाल से 3, राजस्थान से 2, तेलंगाना से 3, उत्तर प्रदेश 4 और उत्तराखंड के 4 यात्री शामिल है। इस दौरान टीआरसी परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल खासा भक्तिमय हो उठा। गौरतलब है कि उक्त धार्मिक कैलाश मानसरोवर यात्रा कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा सम्पादित कराई जाती है। जिसमें यात्रियों को कुमांऊनी संस्कृति व पारम्परिक व्यंजनों से रूबरू कराया जा रहा हैं। इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा हेतु कुल 10 दल टनकपुर से होकर गुजरेंगे। जिसके तहत आज चौथा दल टनकपुर पहुंचा। रात्रि विश्राम के बाद प्रातःउक्त दल यात्रा के अगले पड़ाव धारचूला की ओर रवाना होगा।
टनकपुर में चौथे यात्री दल का माल्यार्पण के साथ स्वागत करते स्थानीय लोग।
