टनकपुर/चम्पावत। पुलिस के लाख दावों के बावजूद जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं या यू़ कहें कि चम्पावत जनपद भर में ही आए दिन मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इधर ताजा घटनाक्रम में टनकपुर पुलिस ने दो युवकों को कुल 8.46 ग्राम स्मैक के साथ दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज 14 जुलाई को पुलिस क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में टनकपुर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चैकिंग के दौरान ग्राम मनिहार गोठ रोड स्थित ग्रेफ कैंप के पास पुलिस द्वारा विशाल मिश्रा (23) पुत्र सर्वेश मिश्रा निवासी वार्ड सं.4 मछली गली को 4.70 ग्राम व इसी वार्ड के रहने वाले सुधीर शर्मा (25) पुत्र राकेश शर्मा को हनुमान मन्दिर के निकट से 3.76 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया। पुलिस द्वारा दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का पूर्व में भी कुछ इसी तरह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। दोनों आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र बिष्ट,संदीप पिलख्वाल,हे.का.कमल कुमार,प्रकाश सिंह,घनश्याम व का.हितेंद्र वर्मा शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में दोनों युवक।
