टनकपुर/चम्पावत। आज मंगलवार दोपहर स्थानीय राजकीय महाविद्यालय परिसर में उस समय खलबली मच गई जब कालेज के निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद कोहली द्वारा प्राचार्य कार्यालय पहुंच खुद पर पेट्रोल डाल आत्मदाह का प्रयास किया गया। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा छात्रनेता के हाथ से माचिस छीन ली गई जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस द्वारा उक्त छात्रनेता सहित चार और छात्रों को कोतवाली ले जाया गया है। छात्रनेता ने कालेज प्रशासन पर परिसर में एनएसयूआई द्वारा लगाए गए बैनर को हटा एबीवीपी का बैनर लगाने का आरोप लगाया है। वहीं कालेज प्रशासन का कहना है कि इन छात्र नेताओं द्वारा देर रात बिना पूर्व अनुमति के कालेज कैम्पस में घुस कर बैनर लगाया गया था जिसे हटवा दिया गया।
आज सुबह निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद कोहली अन्य छात्र नेताओं के साथ कालेज पहुंचे जहां बैनर हटाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जता इस बावत प्राचार्य अनुपमा तिवारी से पूछा गया। प्राचार्य द्वारा छात्र नेताओं से सवाल किया गया कि उनके द्वारा देर रात बिना किसी अनुमति के परिसर में बैनर क्यों लगाए गए ? उन्होंने इसे नियम विरुद्ध कह बैनर हटवाने की बात कही। जिस पर छात्रनेता भड़क गए साथ ही कालेज प्रशासन को आज दोपहर 12 बजे तक बैनर फिर से उसी स्थान पर लगाने को कहा गया,ऐसा न करने पर छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद कोहली द्वारा पेट्रोल डाल आत्मदाह की चेतावनी भी दी गई। परन्तु कालेज प्रशासन इस ओर लापरवाह बना रहा।
इधर बैनर न टांगे जाने से नाराज कोहली द्वारा दोपहर प्राचार्य कक्ष के सामने खुद पर पेट्रोल डाल आत्मदाह का प्रयास किया गया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें दबोच लिया गया। इस दौरान परिसर में खासा हंगामा मच गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा छात्र नेताओं को कोतवाली ले जाया गया है। इस बीच मामले को लेकर प्राचार्य अनुपमा तिवारी का पक्ष लेने के प्रयास किए गए परन्तु उनका फोन नहीं लग सका।
पुलिस गिरफ्त में छात्रनेता व प्राचार्य से बातचीत करते पुलिस अधिकारी व छात्र।
