टनकपुर/चम्पावत। आज रविवार 12 जुलाई को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कैलाश मानसरोवर यात्रियों का तीसरा दल टनकपुर पहुंचा। स्थानीय टीआरसी (पर्यटक आवास गृह) परिसर में आस्था,श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ हर-हर महादेव के उदघोष के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रियों का टीकाकरण कर जोरदार स्वागत किया गया। कल सोमवार सुबह उक्त दल अगले पड़ाव की ओर रवाना होगा।
टीआरसी परिसर में पहुंचे तीसरे यात्री दल में 10 राज्यों से 31 पुरुष व 17 महिलाओं सहित कुल 48 शिव भक्त शामिल हैं। पावन तीर्थयात्रा पर जा रहे उक्त दल में सबसे अधिक 12 यात्री गुजरात से हैं इसके अलावा दिल्ली से 7,उत्तर प्रदेश से 11,झारखंड से 1,कर्नाटक-मध्यप्रदेश व राजस्थान से 2-2,महाराष्ट्र- उत्तराखंड से 3-3 व तमिलनाडु से 5 कुल 48 तीर्थयात्री शामिल हैं। इस दौरान टीआरसी परिसर में माहौल खासा भक्तिमय हो उठा। ज्ञात हो कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा हेतु कुल 10 दल टनकपुर से होकर गुजरेंगे। जिनमें से आज तीसरा दल टनकपुर पहुंचा।
मालूम हो कि शिवभक्तों का प्रत्येक दल टनकपुर में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन अगले पड़ाव धारचूला की ओर प्रस्थान करेगा।
टनकपुर में तीसरे दल का टीका लगा माल्यार्पण के साथ स्वागत करते स्थानीय लोग।
