टनकपुर/चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सीएम कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन देहरादून से वर्चुअल माध्यम से टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में स्थापित नवीन स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत दो डायलिसिस व एक ईसीजी मशीन की सौगात दी। आज 10 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन दो डायलिसिस मशीनों का शुभारंभ किया। साथ ही एक नई ईसीजी मशीन भी दी गई। इन मशीनों के जरिए किडनी के मरीजों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दिल संबंधी दिक्कत के शुरुआती लक्षण में ईसीजी मशीन से लाभ मिलेगा। सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि इन सुविधाओं के मिलने से अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। वर्चुअली अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर कर लोगों को अधिक से अधिक गुणवत्तायुक्त इलाज देना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके अलावा सीएम धामी ने जीआईसी डांडा ककनई से एचवीडीपी का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रवासियों से वर्चुअल संवाद भी किया। कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण,कौशल विकास, स्वरोजगार एवं ग्राम अवसंरचना सहित अनेक क्षेत्रों में विकास कार्यो को नई गति मिलेगी।बाद में नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ के सहयोग से संचालित उत्तराखंड सीएसआर 2026 एचवीडीपी (समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम) का डांडा ककनई गांव के लिए शुभारंभ किया। सीएम ने जीआईसी डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद वर्चुअल संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉंसिबिलिटी) सिर्फ सामाजिक दायित्व नहीं,बल्कि देवभूमि के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तराखंड की विकास यात्रा में सहभागी बनने और अपने सीएसआर संसाधनों का अधिकतम उपयोग राज्य के समग्र विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी,किरन देवी,वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह कठायत, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय नोडल अधिकारी केएस बृजवाल, तहसीलदार पिंकी आर्य, सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी,चिकित्सकीय स्टाफ के लोग सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी भी मौजूद थे।
टनकपुर अस्पताल में वर्चुअली मशीनों की शुरुआत कर लोगों को सम्बोधित करते सीएम।
