टनकपुर/चंपावत/। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बावजूद सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरी देवी दरबार में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम जारी है। आज गुरुवार 9 जुलाई को देश के सुप्रसिद्ध हास्य अभिनेता राजपाल यादव द्वारा भी पूर्णागिरि देवी के दर्शन किए गए। उन्हें मां पूर्णागिरि देवी के पुजारी पंडित मुकेश पांडेय ने पूजा-अर्चना कराई। इस मौके पर मौजूद मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने उन्हें मंदिर की ऐतिहासिकता और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी भी दी गई।
आज गुरुवार को अभिनेता राजपाल यादव अपरान्ह करीब 4 बजे देवी धाम पहुंचे। पूर्णागिरि के पुजारी पंडित मुकेश पांडेय ने उन्हें पूजा-अर्चना कराई। पुजारी पांडेय के मुताबिक वे करीब 15 मिनट तक में मंदिर में रहे। पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी सहित कई लोगों ने हास्य अभिनेता राजपाल यादव का देवी की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। साथ ही पूर्णागिरी देवी का चित्र भी भेंट किया गया। अभिनेता यादव ने कहा कि यह देवी धाम अध्यात्म की अलौकिक खुशबू बिखेर रहा है। अध्यात्म के साथ आर्थिकी को बढ़ाने में इस धाम का महत्व है। इस मौके पर पूर्णागिरि धाम के पंडित चंद्रशेखर पांडेय, मनोज पांडेय, पंकज पांडेय, डॉ. हरीश पांडेय, मनोज तिवारी, बिशन दत्त भट्ट सहित अन्य पुजारीगण व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पूर्णागिरि में अभिनेता राजपाल यादव का स्वागत करते अध्यक्ष व पुजारीगण।
