टनकपुर/चम्पावत। आज गुरुवार 9 जुलाई को टनकपुर टीआरसी (पर्यटक आवास गृह) से आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा दल पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया गया। टनकपुर में एसडीएम प्रमोद कुमार द्वारा उक्त यात्रा के दूसरे दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
टीआरसी परिसर में रवानगी के दौरान दल में शामिल 11 राज्यों से 34 पुरुष व 13 महिलाओं सहित कुल 47 भक्त 'हर-हर महादेव' और 'ऊं नमःशिवायः' के जयघोष के साथ पावन तीर्थयात्रा पर निकले। उक्त दल में सबसे अधिक गुजरात से 10,राजस्थान से 8,दिल्ली और यूपी से 5-5,महाराष्ट्र से 6,हरियाणा से 3,आन्ध्रप्रदेश व उत्तराखंड से2-2,कर्नाटक-तिलंगाना से 1-1 श्रद्धालु शामिल हैं। इस दौरान टीआरसी परिसर में माहौल खासा भक्तिमय हो उठा।एसडीएम प्रमोद कुमार ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। ज्ञात हो कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा हेतु कुल 10 दल टनकपुर से होकर गुजरेंगे। जिनमें से आज रवाना हुआ दूसरा दल अपने प्रथम पड़ाव के रूप में रात्रि धारचूला पहुंचेगा।
इधर टनकपुर टीआरसी (पर्यटक आवास गृह) के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रियों का तीसरा दल 12 जुलाई, चौथा 16 जुलाई, पांचवा 20 जुलाई, छठा 24 जुलाई, सातवां 28 जुलाई, आठवां 1 अगस्त, नौवां 5 अगस्त और दसवां व अंतिम दल 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा। शिवभक्तों का प्रत्येक दल टनकपुर में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन अगले पड़ाव धारचूला की ओर प्रस्थान करेगा।
टनकपुर में दल को हरी झण्डी दिखा रवाना करते एसडीएम प्रमोद कुमार।
