टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र से ट्रेन संचालन को लेकर आज केन्द्र सरकार द्वारा एतिहासिक निर्णय ले टनकपुर को महाराष्ट्र के पवित्र तीर्थस्थल नांदेड़ से जोड़ने वाली एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई। उक्त रेल सेवा का सोमवार को टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद व केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा के साथ केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह व वर्चुअली जुड़े केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा विधिवत हरी झण्डी दिखा रेल को रवाना कर शुभारंभ किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि इस नई रेल सेवा से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
इष मौके पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग निवास करते हैं। टनकपुर से नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं के लिए तख्त श्री हजूर साहिब,नांदेड़ तक की आवागमन सुविधा न सिर्फ बेहतर होगी बल्कि उनकी धार्मिक आस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में सिख संगत के अनेक लोग मौजूद रहे। अपने सम्बोधन में सड़क राज्यमंत्री अजय टम्टा द्वारा उक्त रेल सेवा शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों को बधाई दे रेलमंत्री का आभार जताया गया। वहीं कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण रेल सेवा के शुभारंभ पर क्षेत्र व प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा सीमांत क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उक्त ट्रेन की रवानगी से पूर्व रेलवे द्वारा ट्रेन को फूलमालाओं व रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। आज टनकपुर रेलवे स्टेशन को भी सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूदः
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री पूरन महरा,दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, मनोज कालाकोटी,शिवराज सिंह कठायत,भुवन पाण्डेय, रेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
टनकपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना करते अतिथि।
