टनकपुर/चम्पावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टनकपुर के बूम क्षेत्र में 6595.86 लाख रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके तहत 6020.89 लाख रुपये से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा (तटबंध) निर्माण कार्य होगा जबकि 574.97 लाख रुपये की लागत से छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया
इस मौके पर क्षेत्र के लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मां शारदा नदी लाखों परिवारों के जीवन एवं आजीविका का आधार है। कहा कि सरकार शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की नई पहचान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री का पारंपरिक टीका, पटका, कुमाऊंनी टोपी,पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर डीएम मनीष कुमार ने पांच साल
बेमिसाल स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पूर्व मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर संचालित बाढ़ सुरक्षा निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा ले अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निदेश दिए। सीएम ने सेवा पखवाड़े के अंतर्गत लगाए गए विभागीय स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर मुख्यमंत्री ने योजनाओं की जानकारी ली। सीएम ने निक्षय योजना के पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी दी।
इध लोगों से सीएम धामी ने किया संवाद:
मुख्यमंत्री धामी ने मंदिर प्रबंधन समिति, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों,खिरद्वारी जनजाति समूह, व्यापार मंडल, किसानों, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। मंदिर समिति के अध्यक्षपंडित किशन तिवारी,सचिव पंडित सुरेश तिवारी ने सेलागाड़ से कोटकेंद्री रोड,चूका से खर्राटाक रोड के काम मे तेजी लाने का आग्रह किया। संवाद करने वालों में ज्येष्ठ उप प्रमुख पंडित भुवन पांडेय,ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी,पंडित मोहन पांडेय,पंडित चिंतामणि तिवारी,पंडित प्रकाश पांडेय आदि मौजूद थे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के 'विकास भी और विरासत भी' के मंत्र को आत्मसात करते हुए उत्तराखंड का विकास किया जा रहा है।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय,मुकेश महराना, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी व सुभाष बगौली, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, महामंत्री मुकेश कलखुडिय़ा व पूरन महरा,उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा,विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, गौरव पांडेय आदि मौजूद थे।
विकास कार्यों का शिलान्यास करते व गंगा म़ा की आरती में शामिल सीएम धामी।
