टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड के रास्ते हो रही कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ आज 5 जुलाई को टनकपुर से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सफल यात्रा की कामना की। इस अवसर पर यात्रियों का पारंपरिक छलिया नृत्य से स्वागत किया गया।
यात्रा की रवानगी के मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष की माला एवं भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया और उनसे संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना,सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। सीएम धामी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से ही किसी श्रद्धालु को इस पवित्र यात्रा को करने का अवसर प्राप्त होता है। यात्रा के दौरान आने वाली प्रत्येक चुनौती का सामना श्रद्धा और धैर्य के साथ करना चाहिए, क्योंकि शिव में अटूट विश्वास ही सभी कठिनाइयों को सरल बना देता है। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा सीमांत क्षेत्रों के लिए विकास और समृद्धि का माध्यम भी है।
सीएम धामी ने कहा कि यह यात्रा सीमांत गांवों की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवन से देशभर के लोगों को जोड़ती है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों की खरीद कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभर में प्राचीन मंदिरों का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। जिससे भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी की सुखद एवं सफल यात्रा की प्रार्थना की।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर सातवीं बार जा रहे श्रद्धालु अनिल कुमार जैन सहित अन्य यात्रियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। मालूम हो कि गत शनिवार शाम टनकपुर पहुंचे प्रथम दल का देवभूमि की परंपरा के अनुरूप छोलिया नृत्य,पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया। जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति एवं लोक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं जिन्हें दल के लोगों द्वारा खूब सराहा गया।
ये रहे मौजूद:
जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर,डीएम मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, कुमाऊं मंडल विकास निगम के जीएम मनोज कुमार,एसडीएम प्रमोद कुमार,आईटीबीपी, सेना,एसएसबी एवं ग्रेफ केअधिकारी,विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु एवं आमजन मौजूद रहे।
सीएम के साथ यात्रा धल के लोग, दल को हरी झण्डी दिखा रवाना करते सीएम धामी।
