टनकपुर/चम्पावत। वर्ष 2025 से चम्पावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर से होकर संचालित हो रही पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ कल 5 जुलाई को टनकपुर से होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रातःआठ बजे पर्यटक आवास गृह टनकपुर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शनिवार की शाम पहला दल पर्यटक आवास गृह टनकपुर पहुंचा, जहां देवभूमि की परंपरा के अनुरूप तीर्थयात्रियों काछलिया नृत्य,पुष्पवर्षा,फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया।
शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि पहले दल में दो लाइजनिंग आफीसर, एक चिकित्सक सहित कुल 51 तीर्थयात्री शामिल हैं। दल में 36 पुरुष एवं 15 महिला श्रद्धालु हैं। यात्रियों के सम्मान में शनिवार शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति एवं लोक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रबंधक ने बताया कि पहले दल में आंध्र प्रदेश से दो, दिल्ली से सात, गुजरात से तीन, हरियाणा से तीन, झारखंड से एक, कर्नाटक से दो, मध्य प्रदेश से एक, महाराष्ट्र से नौ, राजस्थान से 13, तमिलनाडु से तीन, तेलंगाना से एक, उत्तर प्रदेश से पांच तथा उत्तराखंड से एक तीर्थयात्री शामिल हैं। दल के साथ तमिलनाडु से डा.अरुण कुमार चिकित्सक के रूप में सम्मिलित हैं। राजस्थान निवासी 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल इस दल के सबसे वरिष्ठ तीर्थयात्री हैं, जबकि गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा श्रद्धालु हैं। गौरतलब है कि लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा का संचालन टनकपुर मार्ग से किया जा रहा है।
टनकपुर टीआरसी में तीर्थयात्रियों का स्वागत करते स्थानीय लोग।
