टनकपुर/चम्पावत। हिन्दू आस्था के पवित्र धाम कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू होने से पूर्व टनकपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। उक्त धार्मिक यात्रा का पहला दल रविवार
5 जुलाई को पहले पड़ाव टनकपुर से रवाना होगा। पहला दल कल शनिवार 4 जुलाई शाम टनकपुर टीआरएच (पर्यटक आवास गृह) पहुंचेगा। उक्त दल में 2 लाइजनिंग ऑफिसर और 1 डॉक्टर के अलावा 48 यात्री शामिल हैं।
टनकपुर पहुंचने पर छोलिया नृत्य से शिवभक्तों का स्वागत होगा। चम्पावत के डीएम मनीष कुमार ने बताया कि 5 जुलाई रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनकपुर टीआरएच से पहले यात्रा दल को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव हेतु रवाना करेंगे। गौरतलब है कि उक्त यात्रा टनकपुर होते हुए दूसरी बार रवाना होगी। इससे पूर्व पिछले वर्ष 5 जुलाई 2025 को 5 यात्रा दल टनकपुर होते हुए उक्त यात्रा के लिए रवाना हुए थे।
पहले यात्रा दल में सबसे अधिक उम्र के यात्री 68 वर्षीय राजस्थान के अनिल कुमार जैन,गोपाल मेडातवाल और पुरुषोत्तम खंडेलवाल हैं। सर्वाधिक उम्र के ये तीनों शिवभक्त राजस्थान के हैं। जबकि सबसे कम उम्र 21 वर्ष के यात्री गुजरात के हरिकृष्ण महावर्सिंग चावडा हैं। जानकारी के मुताबिक पहले जत्थे में सबसे ज्यादा 13 यात्री राजस्थान से हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र से 9, दिल्ली से 7, उत्तर प्रदेश से 5, तमिलनाडु, गुजरात व हरियाणा से 3-3 और कर्नाटक व आंध्र प्रदेश से 2-2 यात्री है। जबकि 1-1 यात्री उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना से हैं। तीथयात्रियों के स्वागत और ठहराने की व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। टीआरएच के प्रबंधक मनोज कुमार के मुताबिक टनकपुर से कुल 10 जत्थे कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना होंगे। यात्रा हेतु दूसरा दल 8 जुलाई, तीसरा 12 जुलाई,चौथा 16 जुलाई, पांचवां 20 जुलाई,छठा 24 जुलाई,सातवां 28 जुलाई,आठवां 1 अगस्त,नौवां 5 अगस्त और दसवां दल 9 अगस्त को यहां पहुंचेगा।
