टनकपुर/चंपावत। जनपद चंपावत स्थित पाटी ब्लॉक के ग्राम रमक निवासी आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवान मनोज अटवाल की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। मृतक अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी में तैनात थे। एकाएक हुई उक्त घटना से परिवार में कोहराम मचा है। वर्तमान में वे ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में रहते थे।
अमरनाथ यात्रा ड्यूटी में तैनात आईटीबीपी के जवान मनोज अटवाल (23) का जम्मू में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और ह्दयगति रुकने से उनका निधन हो गया। मौत होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान की असमय मौत से माता-पिता,
पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि मनोज अटवाल की शादी करीब एक से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। उनके परिवार में सात माह का एक मासूम बेटा है। मनोज अपने पीछे माता-पिता,पत्नी, सात माह के बेटे और दादा को छोड़ गए हैं। जवान की असमय मृत्यु से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
जवान की मौत की खबर पहुंचने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीण और क्षेत्रवासी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग युवा जवान की असमय मौत पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। आईटीबीपी जवान मनोज अटवाल का पार्थिव शरीर आज शाम तक नानकमत्ता पहुंचने की संभावनाहै।
मनोज अटवाल। (फाइल फोटो)
