टनकपुर/चम्पावत। अपनी कार्यप्रणाली को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाली टनकपुर नगर पालिका के सभासदों में पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर खासा आक्रोश है। अपने-अपने वार्डों के साथ ही पूरे टनकपुर शहर में स्थित 11 वार्डों के सभासदों ने पालिका प्रशासन द्वारा पिछले लम्बे समय से बर्ती जा रही लापरवाही व उनकी अनसुनी को लेकर पालिका के ईओ व सीएम कैंप कार्यालय को आज 27 जून को 10 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में सभासदों का कहना है कि पालिका प्रशासन द्वारा सभासदों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की भी अनसुनी की जा रही है। उन्होंने मांगों को गंभीरता पूर्वक नहीं लेने पर दो जुलाई से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि मानसून और गर्मी को देखते हुए नगर के विभिन्न वार्डों में कीटनाशक का छिड़काव करने,बोर्ड बैठकों में सभासदों की ओर से रखे गए प्रस्तावों को मूर्त रूप देने के साथ ही दस दिन के भीतर कृत कार्यवाही से सभासदों को अवगत कराने की मांग की गई है। सभासदों ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी अक्सर कार्यालय से नदारद रहते हैं,जिससे शहरवासियों को दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों से कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने की मांग भी की गई है। सभासदों का कहना है कि गत बोर्ड बैठक में नगर के सभी वार्डों में 200 स्ट्रीट लाइट लगाने और 50 बैंच बनाने का प्रस्ताव शामिल किया गया था, लेकिन अभी तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लग पाई हैं। आरोप है कि पिछली बोर्ड बैठक में हर माह बोर्ड बैठक बुलाने का भी प्रस्ताव था,लेकिन इसे भी रद्दी की टोकरी में डाल दिया गया है। सभासद बार-बार बोर्ड बैठक बुलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा पानी के कूलर न लगाने पर भी खासी नाराजगी जताई गई है।
ईओ को ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे शामिलः
टनकपुर। आज शनिवार को पालिका परिसर में ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद हसीब अहमद,चर्चित शर्मा,वकील अन्सारी, दिलदार अली,वर्षा शर्मा,शैलेंद्र सिंह,सव्या वाल्मीकि,बबीता वर्मा,सविता बिष्ट आदि शामिल रहे। इधर पालिका के ईओ(अधिशासी अधिकारी) ऋषभ उनियाल ने बताया कि सभासदों की मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार किया जा रहा है।
नगरपालिका में ईओ को ज्ञापन सौंपते सभासदगण।
