टनकपुर/चम्पावत। गत 22 जून को टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर स्थित बूम क्षेत्र में शारदा नदी में स्नान करने के दौरान डूबे दो चचेरे भाइयों में से दूसरे का शव चार दिन बाद आज शुक्रवार 26 जून की पूर्वान्ह बरामद हुआ। जबकि इससे पूर्व गत 25 जून गुरुवार को तरुण सक्सेना का शव बूम क्षेत्र के पास से रिकवर हुआ था। नैतिक सक्सेना का शव आज शारदा बैराज क्षेत्र से बरामद हुआ।
दो चचेरे भाई (नैतिक सक्सेना (18) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना निवासी वार्ड नंबर 3 निकट अंग्रेजी वाइन शॉप टनकपुर और तरूण सक्सेना (20) पुत्र बाबू राम सक्सेना निवासी वार्ड नंबर 3 बर्मा लाइन टनकपुर) 22 जून की दोपहर बूम क्षेत्र के निकट शारदा नदी में स्नान करते वक्त डूब गए थे। इधर एसडीआरएफ (राज्य आपदा राहत फोर्स),पीएसी और जल पुलिस के जवानों द्वारा डूबने वाले दिन से ही नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। आज शुक्रवार 26 जून की पूर्वान्ह नैतिक सक्सेना का शव शारदा बैराज क्षेत्र से बरामद हुआ। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि हाथ की अंगूठी से शव की शिनाख्त हुई। पुलिसकर्मी शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले गए हैं। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के दो नौजवानों की मौत से क्षेत्र के लोगों द्वारा शोक जताया जा रहा है।
नैतिक सक्सेना (फाइल फोटो) व बैराज क्षेत्र में शव निकालते पुलिस जवान।
