टनकपुर/चंपावत/पाटी। पाटी नगर पंचायत के जौलाड़ी गांव में पानी की टंकी निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरिया सीधा करते वक्त एक नेपाली मजदूर एकाएक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामसभा जौलाड़ी में पानी की टंकी निर्माण का कार्य चल रहा है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लोहाघाट के उप खंड अभियंता मयंक भट्ट ने बताया कि इसी दौरान टंकी की सरिया को सीधा करते वक्त सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। उक्त दुर्घटना में मजदूर गजेंद्र ठाकुर (20) पुत्र गोपी ठाकुर निवासी महेंद्रनगर (नेपाल) करंट से बुरी तरह झुलस गया। आननफानन में गजेंद्र को पाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो चुकी थी। पाटी पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु लोहाघाट भेज दिया है। दुर्घटना के वक्त काम करा रही एजेंसी जल संस्थान का कोई प्रतिनिधि मौके पर मौजूद था या नहीं, अभी यह पता नहीं चल सका है। काम के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों और कैसे हुई? किसकी लापरवाही और किसकी जिम्मेदारी है?यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। वहीं घटना को लेकर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का फोन रिसीव नहीं होने से उक्त मामले में विभागीय पक्ष का पता नहीं चल सका है।
