टनकपुर/चम्पावत। गत 22 जून को टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर बूम क्षेत्र में शारदा नदी में स्नान करने के दौरान डूबे दो चचेरे भाइयों में से एक का शव आज 25 जून की सुबह बरामद हुआ है। जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। एसडीआरएफ (राज्य आपदा राहत फोर्स), पीएसी और जल पुलिस डूबे युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई है। लेकिन इन तमाम कोशिशों के बावजूद अभी तक सुराग नहीं लग सका है। इससे चिंतित परिजनों की परेशानी और बढ़ गई है।
मालूम हो कि गत 22 जून की दोपहर दो चचेरे भाई (नैतिक सक्सेना (18) पुत्र वीर बहादुर सक्सेना निवासी वार्ड नंबर 3 निकट अंग्रेजी वाइन शॉप टनकपुर और तरूण सक्सेना (20) पुत्र बाबू राम सक्सेना निवासी वार्ड नंबर 3 बर्मा लाइन टनकपुर) नदी में स्नान करते वक्त बूम क्षेत्र में शारदा नदी में डूब गए थे। एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों द्वारा तबसे नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा हैं। आज गुरुवार 25 जून की सुबह तरूण सक्सेना का शव बूम क्षेत्र के निकट शारदा नदी से बरामद हुआ। पंचनामा भरने के बाद शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले गए है। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरे युवक नैतिक सक्सेना की खोजबीन जारी है।
मृतक सक्सेना (फाईल फोटो), उप जिला अस्पताल में शव पहुंचने के बाद पहुंचे मृतक के परिजन व अन्य।
