टनकपुर/चम्पावत। आज बुधवार को खटीमा में टोल प्लाजा के निकट हुए सड़क हादसे में बाइक सवार टनकपुर के बस्तिया निवासी युवक की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर 108 आपातकालीन वाहन द्वारा सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े युवक को खटीमा स्थित नागरिक चिकित्सालय लाया गया जहां मौजूद चिकित्सकों द्वारा जांच कर उसे मृत घोषित किया गया।
मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर सुनील दत्त जोशी (32 )पुत्र बिशन दत्त जोशी निवासी ग्राम बस्तिया, टनकपुर जिला चंपावत के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गए। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं युवक की असामयिक मृत्यु से परिजनों में शोक की लहर है।
