टनकपुर/चंपावत/पाटी। जनपद चंपावत की नवगठित पाटी नगर पंचायत के नव निर्वाचित बोर्ड का आज शपथग्रहण समारोह सम्पन्न हो गया। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण लाल और चारों सभासदों द्वारा शपथ ग्रहण की गई। आज बुधवार 24 जून को एसडीएम पाटी नीतू डांगर द्वारा अध्यक्ष और चारों सभासदों को पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई गई।
मालूम हो कि पाटी नगरपंचायत के गत 9 जून को हुए चुनाव के बाद 11 जून को नतीजे को घोषित किए गए थे। आज पाटी स्थित रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। नवगठित पाटी नगर पंचायत के इतिहास में सर्वप्रथम अध्यक्ष के रूप में नारायण लाल द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ ली गई। इसके अलावा रानीचौड़ वार्ड की सभासद शांति देवी, जौलाड़ी वार्ड के बबलू पाटनी, न्यू कालौनी वार्ड के नवल पचौली और पूनाकोट वार्ड की सभासद संगीता द्वारा शपथ ग्रहण की गई।
शपथग्रहण के साथ ही नव निर्वाचित अध्यक्ष और सभासदों द्वारा क्षेत्र के लोगों को पाटी नगर के विकास के साथ ही मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। भगवान लाल के संचालन में हुये शपथ ग्रहण समारोह में नगरपंचायत के ईओ (अधिशासी अधिकारी) कमल सिंह मेहता,भगीरथ सोराड़ी,घनश्याम पचौली,राजू बोहरा,लवी पाटनी,रमेश पचौली,मदन पचौली,दीपक गहतोड़ी,सुरेश राजन,भैरव राय,रोशन,राजेंद्र गहतोड़ी, राहुल गहतोड़ी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
पाटी नगरपंचायत बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद अध्यक्ष,सभासद व अन्य।
