टनकपुर/चम्पावत। अपने दो दिवसीय भ्रमण पर चम्पावत जिले में पहुंचे केबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का टनकपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ शाखा टनकपुर के कर्मचारियों ने शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा को तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इससे पूर्व उन्होंने मांगे पूरी न होने पर बाहों में काला फीता बांधकर सरकार के विरूद्ध प्रदर्शन किया।
केबिनेट मंत्री कैड़ा को सौंपे ज्ञापन में कर्मचारी संघ ने कहा है कि बाल्मीकि समाज के अधिकांश लोग गरीब तबके से हैं, जिनके पास पक्के आवास तक नहीं हैं। उन्होंने गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा शिक्षित बाल्मीकि समुदाय के युवाओं को सरकारों की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाने और गंभीर बीमारी से ग्रसित पर्यावरण मित्रों को विभाग की ओर से निःशुल्क उपचार की व्यवस्था कराने की मांग उठाई। कहा कि विपरीत परिस्थिति में कार्य करने के कारण पर्यावरण मित्र अक्सर गम्भीर बीमारियों का शिकार हो जाते है। जिसका विभाग की ओर से इलाज किया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में शाखा अध्यक्ष कमलेश, शाखा मंत्री सुनील, सोमपाल, सोनू कुमार, रामप्रकाश आदि शामिल रहे।
मंत्री राम सिंह कैड़ा को ज्ञापन सौंपते पर्यावरण मित्र।
