टनकपुर/चम्पावत। मंगलवार प्रातःक्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रशर में सामग्री भरने के दौरान एक डंपर वाहन पलट गया। पलटने का कारण अचानक जग टूटने से संतुलन बिगड़ना बताया गया है। हादसे में डंपर चालक जख्मी हो गया। घायल को तत्काल टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज मंगलवार की पूर्वान्ह एक डंपर क्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रशर में खनन सामग्री हेतु पहुंचा था। इस बीच माल उतारते वक्त डंपर में तकनीकी खामी आने से कथित रूप से जग टूट गया जिस कारण डंपर पलट गया। दुर्घटना में डंपर चालक रईस हुसैन (37) पुत्र सईद हुसैन निवासी मनिहारगोठ टनकपुर घायल हो गया। चालक को टनकपुर तुरंत उप जिला अस्पताल लाया गया। जहां मौजूद इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. आफताब आलम ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद चालक रईस हुसैन को हायर सेंटर रेफर किया गया है। जख्मी व्यक्ति के सिर में भीतरी चोट के चलते सीटी स्कैन की जरूरत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दुर्घटना में जख्मी चालक रईस हुसैन।
