टनकपुर/चम्पावत। सोमवार प्रातः स्थानीय शारदा नदी में एक महिला का शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस के जवानों द्वारा शव को पानी से बाहर निकाल शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए। शव की शिनाख्त नदी से लगे ग्राम नायक गोठ निवासी जानकी देवी पत्नी स्व वजीर सिंह के रूप में हुई। मृतका के परिजनों ने मौके पर पहुंच शव की शिनाख्त की।
परिजनों के मुताबिक जानकी देवी पत्नी स्व.वजीर सिंह की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी। गत दिवस सायं उक्त बुजुर्ग महिला बिना किसी को कुछ बताए घर से लापता हो गईं। परिजनों द्वारा काफी ढूंडखोज की गई,साथ ही टनकपुर कोतवाली में भी सूचना दे दी गई थी। आज सुबह उक्त बुजुर्ग महिला जानकी देवी का शव नदी से बरामद हुआ। पुलिस द्वारा शव को परिजनों की मौजूदगी में अस्पताल पहुंचाया गया जहां मौजूद चिकित्सक डा.आफताब द्वारा शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। चिकित्सक डा.आफताब आलम से पूछने पर बताया कि मौत का कारण नहाने के दौरान दिल का दौरा पड़ना भी हो सकता है। मृतका के पुत्र विक्की ने बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अक्सर कभी भी बिना किसी को कुछ बताए कहीं भी चले जाया करती थीं। मृतका अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ गई हैं।घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया।
