टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी के लट्ठे चोरी का खेल जोरशोर से जारी है। लगभग एक पखवाड़े पूर्व शहर क्षेत्र में अवैध रूप से जमीन में गाड़ कर छुपाई हुई लकड़ी पकड़े जाने का मामला शान्त भी नहीं हुआ था कि वन विभाग द्वारा एक बार लकड़ी के लट्ठों से भरा एक पिकअप वाहन दबोचा गया। लेकिन हद तो तब हो गई जब विभाग का कोई सरकारी अमला अवैध गतिविधि को पकड़े,लेकिन फिर भी मामले को सार्वजनिक न करे।
ताजा मामले में टनकपुर स्थित शारदा रेंज में ऐसा ही हुआ है। वन महकमे ने अवैध रूप से लकड़ी के लट्ठे भर कर आ रहा एक पिकअप वाहन सं.(यूके.03/सीए 0739) पकड़ा। वन विभाग द्वारा वाहन भी सीज किया गया है। इस मामले में हद तो तब हो गई जब मामले में पूछे जाने पर विभाग के अधिकारी कुछ जानकारी देने के बजाय निहायत गोपनीयता बरतने में लगे रहे। विभागीय अधिकारी ने सिर्फ इतना बताया कि घटना हुई है और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज क्षेत्र में टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर वन कर्मियों ने अवैध रूप से लकड़ी के लट्ठे लेकर आ रहा एक वाहन दबोचा। विभाग के कर्मियों ने वाहन चालक से बरामद लकड़ी के लट्ठों के बारे में पूछताछ की,लेकिन वह लट्ठों से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। इस पर विभाग के कर्मचारियों द्वारा पिकअप जीप को पकड़ वन विभाग कार्यालय ले जाया गया। जीप में सागौन के 6 लट्ठे लदे हुए पाए गए । विभाग के मुताबिक लट्ठों सहित जीप को भी सीज कर दिया गया है। इस संबंध में शारदा रेंज की रेंजर से पूछने पर कोई भी जानकारी देने से इनकार किया है। अलबत्ता घटना होने की तस्दीक जरूर की गई है,मगर डिटेल नहीं दी गई। अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इन लट्ठों का संबंध सरकारी विभाग के एक अधिकारी से है,लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
रेन्ज आफीसर का बयानः
मैं घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकती हूं। बस इतना बता सकती हूं कि उक्त घटना हुई है। पूरे मामले की जानकारी डिवीजन के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
मेधा सिंह,
रेन्जर (वन क्षेत्राधिकारी), शारदा रेंज ,टनकपुर।
