टनकपुर/चंपावत। सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम में देवी दर्शनों को लेकर गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी मन्दिर कमेटी द्वारा समय सीमा तय कर दी गई है। मन्दिर कमेटी अध्यक्ष पं.किशन तिवारी ने बताया कि कल यानी 22 जून सोमवार से रात्रि में देवी दर्शन नहीं हो सकेंगे। श्री पूर्णागिरि मंदिर समिति द्वारा आयोजित बैठक में उक्त निर्णय लिया गया है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष पण्डित पंडित किशन तिवारी ने बताया कि 22 जून से देवी दर्शन सुबह 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक ही होंगे। उन्होंने बताया कि उक्त व्यवस्था शारदीय नवरात्र शुरू होने से एक दिन पूर्व तक जारी रहेगी। मालूम हो कि उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम के सरकारी मेले में 27 फरवरी से 15 जून तक दिन- रात चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं को देवी दर्शन की सुविधा रहती है।अब सरकारी मेला संपन्न होने के एक सप्ताह बाद यानी 21 जून तक श्रद्धालुओं के लिए जो पथ प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाएं की गई थीं वो कल 22 जून से हटा ली जाएंगी। गौरतलब है कि मानसून अवधि शुरू होने से टनकपुर-भैरव मंदिर सड़क पर कई जगह नालों के उफान में आने का खतरा बना रहता है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. किशन तिवारी ने बताया कि अब शारदीय नवरात्र से एक दिन पूर्व यानी 9 अक्टूबर तक देवी दर्शन रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक नही होंगे। शारदीय नवरात्र शुरू होने के साथ ही पुनःरात्रि में मां पूर्णागिरि देवी के दर्शनों की सुविधा शुरू हो जाएगी।
सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम।
