टनकपुर/चम्पावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योग दिवस की पूर्व संध्या पर 20 जून शनिवार को टनकपुर पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित "युवा संवाद कार्यक्रम" में शिरकत की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही भारत की सबसे बड़ी पूंजी है।विकसित भारत,आत्मनिर्भर भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शहर स्थित मिलन वाटिका में सीएम धामी ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधे संवाद कर उनके प्रश्नों का उत्तर भी दिया और विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने डायट के प्रवक्ता डॉक्टर कमल गहतोड़ी की पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा मुख्यमंत्री के सम्मुख उठाए गए सवालों मे आश्विन सागर ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रही प्रगति के संबंध में पूछा। जिस पर सीएम ने कहा कि चंपावत में साइंस सेंटर,महिला स्पोर्ट्स कॉलेज सहित अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिससे युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे। वहीं सुनीता गौतम ने सीमांत क्षेत्रों से हो रहे पलायन एवं रोजगार पर प्रश्न किया जिसके जवाब में सीएम ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय,ज्ञानसेतु केंद्र,ओपन जिम,बास्केटबॉल कोर्ट एवं बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। बताया कि रात्रिकालीन राफ्टिंग जैसी अभिनव पहल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिली है।पवन रैंसवाल ने मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर सीएम ने कहा कि "ड्रग फ्री देवभूमि मिशन" को सफल बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं छात्रा हिना के महिला सशक्तिकरण के विषय में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सीएम ने कहा कि आज महिलाएँ रक्षा, विज्ञान,अंतरिक्ष,खेल एवं प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की 2.75 लाख से अधिक महिलाएं "लखपति दीदी" बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत में निर्मित हो रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जबकि कमल भट्ट ने नकल विरोधी कानून के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून के कारण 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। आज प्रदेश में सभी प्रतियोगी परीक्षाएँ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में सिमरन जोशी, काव्या गोयल, पवन गड़कोटी, ध्रुव शुक्ल, तरुण बोहरा, अविनाश जुयाल, मोहम्मद शाहिद आदि युवा शामिल रहे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान चम्पावत के डीएम मनीष कुमार एवं एसपी रेखा यादव ने मुख्यमंत्री को पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय,मुकेश महराना,हेमा जोशी,मनोज कालाकोटी,सुभाष बगौली,रोहित बिष्ट, शिवम फाउंडेशन के शशांक गोयल,विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी व दीपक रजवार, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, अधिकारी एवं युवा मौजूद थे।
टनकपुर में "युवा संवाद कार्यक्रम" को सम्बोधित करते सीएम धामी।
