टनकपुर/चम्पावत। शनिवार सुबह सितारगंज-टनकपुर एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक टैक्सी चालक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि ट्रेक्टर में सवार तीन लोग घायल हुए हों।
सूचना पर सभी घायलों को आपातकालीन वाहन 108 द्वारा टनकपुर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान गम्भीर रूप से घायल टैक्सी चालक की मौत हो गई। मृतक चालक डीडीहाट का रहने वाला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन हादसा हुआ। इससे पूर्व गत दिवस शुक्रवार 19 जून को बाराकोट में बापरू के पास एक कार खाई में गिरने के साथ ही जल गई थी,जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि अन्य तीन बुरी तरह घायल हुए थे।
आज शनिवार 20 जून सुबह तड़के हुई दुर्घटना में ग्रा.बुदला काफल ,डीडीहाट जिला पिथौरागढ़ निवासी चालक हरीश (34) पुत्र मोहन राम टैक्सी नं.(यूके 05 /टीए- 4368) को लेकर खटीउ से टनकपुर की ओर आ रहा
था। इसी बीच एनएच पर ग्राम बिचई सेल्स टैक्स कार्यालय के निकट टैक्सी अनियंत्रित होकर टनकपुर की ओर ही जा रहे ट्रैक्टर (यूके 26/ एल-1466) के पीछे टकरा गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार टैक्सी चालक सवारी छोड़कर टनकपुर लौट रहा था। इस बीच आसपास के ग्रामीणों द्वारा चालक को टैक्सी से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची आपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस से सभी घायलों को टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ.नौनिहाल सिंह द्वारा घायलों का उपचार किया गया। चिकित्सक के मुताबिक दुर्घटना में बुरी तरह घायल टैक्सी चालक हरीश के सिर पर गंभीर चोट होने से उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है। इसके अलावा उक्त हादसे मेें ट्रैक्टर चालक फागपुर निवासी दयाराम (55) पुत्र लीलाराम और उनकी पत्नी रामवती (50), राजेश्वरी (28) पत्नी मिथुन कुमार भी घायल हो गए। सभी घायलों को टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज कर रहे चिकित्सक डा.नौनिहाल सिंह ने तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है।
हादसे में घायल लोग व दुर्घटना स्थल का दृश्य।
