टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। बनबसा जिम में व्यायाम करते वक्त अचानक उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल एवं एसओजी के जवान की एकाएक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में जवान को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से पिथौरागढ़ व हाल निवासी ग्राम भजनपुर बनबसा के एसओजी जवान 38 वर्षीय गिरीश भट्ट पुत्र जयदेव भट्ट शुक्रवार दोपहर जिम गए थे। जहां वे व्यायाम करते-करते अचानक फर्श पर गिर गए। जवान का स्वास्थ्य खराब होते देख मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। लेकिन वहां पहुंचने से पूर्व ही जवान की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने गिरीश भट्ट को मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है।
मृतक एसओजी जवान गिरीश की पत्नी गृहणी हैं, जबकि दोनों पुत्र अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जवान की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
गिरीश भट्ट। (फाइल फोटो)
