टनकपुर/चंपावत। भारतीय क्षेत्र में स्थित तीन ओर से नेपाल सीमा से लगे थपलियालखेड़ा गांव के निकट 'नोमेंस लैंड' सीमा क्षेत्र में नेपाल की ओर से अतिक्रमण की सूचना को लेकर स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। उक्त सूचना मिलने के बाद गत दिवस गुरुवार को प्रशासन द्वारा वन विभाग और एसएसबी की टीम के साथ उक्त क्षेत्र पहुंच मौका मुआयना किया गया।
इस दौरान नेपाल पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मुआयने के दौरान भारत के थपलियालखेड़ा गांव के निकट स्थित सीमा स्तंभ संख्या (809/1) के पास नेपाल के नागरिकों द्वारा करीब 6 बीघा भू-भाग पर घेराबंदी करने की बात सामने आई है। मुआयना करने गई टीम के अनुसार नो-मेन्स क्षेत्र में प्रारंभिक तौर पर अतिक्रमण होना प्रतीत हो रहा है जिसकी शीघ्र नाप कर पुष्टि की जाएगी। टनकपुर उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में उक्त क्षेत्र का मौका मुआयना करने पहुंची टीम में तहसीलदार पिंकी आर्य,वन विभाग शारदा रेन्ज की एसडीओ शालिनी जोशी, के अलावा एसएसबी की टीम ने लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि इस मामले में दोनों देश के अधिकारी बातचीत से समाधान निकालेंगे। निरीक्षण के दौरान नेपाल के पुलिस अधिकारियों के अलावा एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) के अधिकारी भी मौजूद रहे। बहरहाल उक्त मामले को लेकर नो-मेन्स लैंड क्षेत्र में सुरक्षा तंत्र एलर्ट है।
नेपाल सीमा क्षेत्र स्थित नो-मेन्स क्षेत्र का मुआयना करते एसडीएम व अन्य।
