टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। गत दिवस चम्पावत जिले के प्रवेश द्वार बनबसा क्षेत्र की एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के मुख्य आरोपित सहित 5 लोगों को बनबसा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा पकड़े गए पांचों आरोपितों को चंपावत के सत्र न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए इन आरोपितों को आज 15 जून की शाम जिला मुख्यालय चम्पावत स्थित अदालत के सम्मुख पेश किया था। जहां सभी आरोपितों को पिथौरागढ़ जिला जेल भेजा गया है। थानाध्यक्ष बनबसा सुरेन्द्र कोरंगा के मुताबिक कुछ दिन पूर्व पीड़िता के परिजन ने बनबसा थाने में तहरीर दे आरोप लगाया था कि टनकपुर निवासी 19 वर्षीय अहमद नूर ने नाबालिग को शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जबकि परिवार के 3 सदस्यों एवं एक सेवानिवृत्त नर्स ने आरोपी युवक की परोक्ष में मदद की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच के बाद आज 15 जून को आराेपित युवक को मुखबिर की सूचना पर नेपाल बार्डर की ओर जाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपित नेपाल भागने की फिराक में था। मामले मैं मुख्य आरोपित अरमान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 3(5)/88/64/91/238 (ख) और पोक्सो 5(j) (ii)/6 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित के फूफा 29 वर्षीय रईसुद्दीन निवासी पिपलिया भजा, पीलीभीत के खिलाफ BNS की धारा 3(5)/88/91/238 (ख) के तहत एवं आरोपित की मां 38 वर्षीय हिना,निवासी पालिका वार्ड सं.4 टनकपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5)/88/91/238 (ख) के तहत एवं 60 वर्षीय दादी अफरोजा निवासी टनकपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5)/88/91/238 (ख) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कोरंगा के मुताबिक मामले में इन चारों के अलावा पीलीभीत निवासी सेवानिवृत्त नर्स उषा कुमारी को भी आरोपित बनाया गया है।
