टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र में टैक्सी/मैक्सी वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग द्वारा सख्त तेवर अपनाए गए हैं। एआरटीओ(प्रवर्तन) मनोज बगोड़िया के नेतृत्व में आज 14 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कारवाई की गई हैं।
परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि किराया सूची चस्पा नहीं करने और निर्धारित किराये से अधिक वसूली के आरोप में 14 टैक्सी ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। किराया सूची चस्पा नहीं होने और अन्य नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ चालान की करवाई की गई। अभियान के दौरान एआरटीओ ने स्वयं यात्रियों से वार्ता कर किराये, चालक/परिचालक के व्यवहार एवं यात्रा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
इस दौरान अधिक किराया वसूली और यात्रियों के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार की स्थिति की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। कहा कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित किराये से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी वाहन संचालकों को वाहन में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा रखने और यात्रियों के साथ शिष्ट एवं सद्भावपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों से अधिक किराया वसूली अथवा किसी अन्य शिकायत की स्थिति में परिवहन विभाग अथवा पुलिस विभाग को सूचित करने की अपील भी की गई है। अभियान में परिवहन उपनिरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट एवं परिवहन आरक्षी सोनिया नेगी मौजूद रहे।
टनकपुर में वाहन चैकिंग करते एआरटीओ।
